किसानों की समस्याओं पर गरजा संगठन, खाद-बीज से लेकर बिजली और फसल मुआवजे तक उठे मुद्दे
असोथर, फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने असोथर क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा विस्तार किया है। शनिवार को मिश्रा गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान विकासखंड के 25 गांवों में ग्राम अध्यक्षों का मनोनयन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन की ओर से मनोनयन पत्र सौंपे गए।
बैठक में किसानों ने खाद-बीज की कमी, अघोषित बिजली कटौती, बारिश से बर्बाद फसलों का मुआवजा और जलभराव जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि लगातार बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है, लेकिन राहत और मुआवजे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष नवल पटेल और युवा जिला अध्यक्ष विवेक यादव ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन सड़क से लेकर अधिकारियों के कार्यालय तक आवाज उठाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की अनदेखी और उनके साथ दुर्व्यवहार का संगठन विरोध करेगा।
बैठक में कमलाकांत द्विवेदी, आशीष कुमार, राकेश, हरिओम, नीरज मौर्य, लखन दुबे, राजू तिवारी, मुलायम यादव, मुकेश परिहार, लालचंद दुबे, रामकिंकर अवस्थी, सोनू सिंह गौतम, रामबाबू तिवारी, कैलाश शुक्ला, रजत मिश्रा समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।








