औंग के बीकमपुर गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात, पांच लोग गंभीर घायल; एक साला लापता
फतेहपुर। औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति कथित रूप से तलवार लेकर अपनी ससुराल पहुंचा और सो रहे परिजनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार में चीख-पुकार मच गई। वारदात में एक साला, सरहज और तीन भतीजों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हमले के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। स्थिति देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी दौरान कथित हमलावर को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पांच घायलों को कानपुर किया गया रेफर
हमले में घायल पांचों लोगों को आनन-फानन में फतेहपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों का उपचार जारी है।
एक साला लापता, तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद परिवार का एक साला लापता बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। उसकी स्थिति और घटना में उसकी भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस, गांव में तैनाती
घटना की सूचना मिलते ही औंग थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घायलों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
हमले की वजह अभी रहस्य
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कथित हमलावर ने ससुराल पहुंचकर परिजनों पर हमला क्यों किया। पारिवारिक विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आधिकारिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








