भगत सिंह की जयंती पर युवाओं ने दिया मानवता का संदेश, आठ लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

 

 

फतेहपुर में आप और सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन का संयुक्त आयोजन, रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित

 

फतेहपुर। अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार को आम आदमी पार्टी फतेहपुर और सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से मानस रक्तकेंद्र में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान किया।

 

आयोजन के दौरान कुल आठ लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। आम आदमी पार्टी के नगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान खान ने 24वीं बार रक्तदान कर रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उनके साथ शुभम, शिवम साहू, सत्यम अवस्थी, आशीष तिवारी, संदीप गुप्ता, पंकज सिंह और शिव सोनी ने भी रक्तदान किया।

 

रक्तदान के बाद कार्यक्रम में पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्रीराम पटेल, जिलाध्यक्ष राम किशोर विश्वकर्मा और मानस रक्तकेंद्र के डॉ. कैलाश पटेल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद भगत सिंह के विचारों और उनके सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करना समाज के प्रति जिम्मेदारी है। रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में योगदान दिया जा सकता है, इसलिए लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

 

शिविर के सफल आयोजन में आम आदमी पार्टी की ओर से मनोज पाल, राहुल द्विवेदी और नजराना शाह, जबकि सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से गुरमीत सिंह ने सहयोग किया। मानस रक्तकेंद्र की टीम से डॉ. कैलाश पटेल, रक्तकेंद्र प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका पाल और लैब सहायक प्रीति ने रक्तदान प्रक्रिया में अपनी सेवाएं दीं।

 

आयोजकों ने युवाओं से अपील की कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment