कच्चे रास्ते पर बारिश का पानी भरने से आवागमन प्रभावित, ट्रस्ट के साथ नगर पालिका पहुंचे कॉलोनीवासी
फतेहपुर। वार्ड नंबर-03 स्थित बीबीपुर रोड उत्तरी डूडा कॉलोनी में जलभराव और बदहाल रास्ते की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने आवाज उठाई। करीब दो दर्जन से अधिक कॉलोनीवासियों ने विमलक्ष्मी सामाजिक परिवर्तन ट्रस्ट के साथ नगर पालिका पहुंचकर समस्या के समाधान की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि बीबीपुर रोड से रोहित तिवारी के घर तक करीब 400 मीटर रास्ता कच्चा है। बारिश होने पर इसी रास्ते पर पानी भर जाने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण रोजमर्रा के आवागमन के साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि कच्चे रास्ते की आवश्यक पुराई कराकर करीब 400 मीटर सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण होने से कॉलोनीवासियों को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी से काफी हद तक राहत मिल सकती है। विमलक्ष्मी सामाजिक परिवर्तन ट्रस्ट ने नगर पालिका प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है।








