फल-वस्त्र वितरित कर बढ़ाया हौसला, स्वास्थ्य जांच के साथ बुजुर्गों को उपलब्ध कराई गईं दवाएं
फतेहपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धजन आवास में सम्मान और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने वृद्धजनों के बीच समय बिताकर उनकी दिनचर्या और समस्याओं की जानकारी ली तथा उनकी जरूरतों को सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। वृद्धजन आवास की अधीक्षिका नीतू वर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर जिलाधिकारी का स्वागत किया। इसके बाद जिलाधिकारी ने आवास में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और फल व वस्त्र वितरित किए।
कार्यक्रम में भोजन जन सेवा समिति के संस्थापक कुमार शेखर ने भी बुजुर्गों का माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। जिलाधिकारी ने उनके सेवा कार्य की सराहना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने बुजुर्गों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इसी क्रम में डिप्टी सीएमओ डॉ. इश्तियाक अहमद की देखरेख में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। चिकित्सकीय टीम ने बुजुर्गों की जांच की और आवश्यकतानुसार दवाइयां व सिरप वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में वृद्धजनों को भोजन कराया गया। आयोजन के दौरान बुजुर्गों के बीच आत्मीय माहौल देखने को मिला। अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बुजुर्गों के साथ संवाद कर उन्हें सम्मान और अपनत्व का एहसास कराया।
इस मौके पर प्रधान सहायक समाज कल्याण विभाग सूरज कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी, युवा विकास समिति के ज्ञानेंद्र मिश्रा व अशोक यादव, जेपीएस फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर संजय कुमार सिंह, राहुल सिंह, अनूप कुमार, आनंद सिंह सहित वृद्धजन आवास के कर्मचारी मौजूद रहे।








