गांधी जयंती पर साहू समाज ने निकाली विशाल शोभायात्रा, विचार गोष्ठी में गूंजा गांधी के आदर्शों का संदेश

 

 

फतेहपुर, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिला साहू समाज संगठन, फतेहपुर के तत्वावधान में गुरुवार को विशाल शोभायात्रा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व राजेश गांधी ने किया।

 

शोभायात्रा की शुरुआत नगर के लोधीगंज स्थित साहू सामुदायिक मिलन केंद्र से हुई। तिरंगे से सजे करीब 100 चार पहिया वाहनों के साथ बड़ी संख्या में गांधीवादी यात्रा में शामिल हुए। ज्वालागंज, वर्मा चौराहा और पटेल नगर होते हुए शोभायात्रा सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह पहुंची, जहां यात्रा विचार गोष्ठी में परिवर्तित हो गई। इस दौरान “महात्मा गांधी अमर रहें” और “लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।

 

विचार गोष्ठी में मुख्य अतिथि सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने महात्मा गांधी के विचारों और सामाजिक एकता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गांधी जी किसी एक समाज तक सीमित नहीं थे, बल्कि उनके विचार पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।

 

फतेहपुर सांसद नरेशचंद्र उत्तम पटेल ने कहा कि गांधी जी के अहिंसा के सिद्धांतों को जीवन में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से ली जानी चाहिए।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महापुरुषों के आदर्श समाज को दिशा देने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसे महापुरुषों को अपना आदर्श बनाकर उनके विचारों को जीवन में अपनाना चाहिए।

 

साहू समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी डीसी गुप्ता ने समाज के विकास के लिए शिक्षा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति शिक्षा के बिना संभव नहीं है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार मौर्य ने महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी के विचारों का प्रभाव भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में देखने को मिलता है।

 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधुरी साहू एवं शिवशरण बंधु ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राजेश गांधी, राजेंद्र प्रसाद साहू, राजेश साहू खागा, डॉ. एसके साहू और राजू साहू सहित अन्य लोगों का योगदान रहा।

 

इस अवसर पर भारती गांधी, हीरालाल साहू, ब्लॉक प्रमुख मनभावन शास्त्री, साधना साहू, दयावती साहू, उदयभान साहू, बबीता साहू, विजयलक्ष्मी साहू, प्रमोद साहू, रवि साहू, अमृतलाल साहू, माताबदल साहू सहित बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment