फतेहपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने ग्राम सेवा संस्थान, फतेहपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चरखा चलाकर स्वदेशी, खादी और आत्मनिर्भरता के महत्व का संदेश दिया।
जिलाधिकारी ने संस्थान में तैयार किए जा रहे खादी उत्पादों एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी वस्तुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत कर उनके कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। साथ ही खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खादी के प्रति समर्थन अभियान में हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता भी दर्ज कराई। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और खादी को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), संस्था के अध्यक्ष, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, वरिष्ठ सहायक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








