धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के कारीकान इलाके में विवादित जमीन की पैमाइश को लेकर शनिवार को प्रशासनिक कार्रवाई की गई। माननीय हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जिलाधिकारी और सिविल जज की मौजूदगी में राजस्व टीम ने जमीन की नापजोख की। इस दौरान गाटा संख्या 2050 की भूमि से जुड़े विवाद के निस्तारण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
राजस्व अभिलेखों के मुताबिक, संबंधित गाटा संख्या में करीब पांच बीघा जमीन नवीन परती के रूप में दर्ज है। इसी भूमि पर पानी की टंकी का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव लेखपाल की ओर से भेजा गया था। हालांकि, जमीन पर बने मकान के गृहस्वामी ने भूमि पर अपना अधिकार जताते हुए पट्टा होने का दावा किया है।
पट्टे के दावे के बाद न्यायालय पहुंचा मामला
भूमि पर स्वामित्व और अधिकार को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद लंबे समय से चला आ रहा है। मकान के गृहस्वामी ने पट्टे का हवाला देते हुए न्यायालय में अपील की थी। इसके बाद मामला न्यायिक प्रक्रिया के अधीन रहा।
हाईकोर्ट के निर्देश पर मौके पर पहुंचा प्रशासन
मामले की गंभीरता और हाईकोर्ट के निर्देशों को देखते हुए शनिवार शाम जिलाधिकारी एवं सिविल जज मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में राजस्व टीम ने विवादित भूमि की पैमाइश शुरू की। इस कार्रवाई को जमीन की वास्तविक स्थिति और राजस्व अभिलेखों के आधार पर विवाद से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







