फतेहपुर। शहर में लंबे समय से जारी जलभराव की समस्या अब लोगों की सुरक्षा के लिए भी चुनौती बनती नजर आ रही है। मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित एक मोहल्ले में जलभराव के चलते करीब दो महीने से खाली पड़े मकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात समेत कीमती घरेलू सामान समेट ले गए।
पीड़ित यासीन अहमद के मुताबिक, जलभराव के कारण परिवार को मजबूरन दूसरे स्थान पर रहना पड़ रहा था। इसी दौरान बीती रात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। सुबह जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो घर के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और बक्सों को खंगालकर चोर करीब ढाई से तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन, इन्वर्टर, बैटरी सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए।
पीड़ित के परिजन मोहम्मद जुबेर ने बताया कि इलाके में डेढ़ महीने से अधिक समय से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। समस्या के समाधान के लिए जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि जलभराव के कारण कई परिवार अपने घर छोड़कर दूसरे स्थानों पर रहने को विवश हैं और ऐसे खाली मकान अब चोरों के लिए आसान निशाना बन रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर भी दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी की घटना के खुलासे के लिए सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
जलभराव और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित है। कई मकान खाली पड़े हैं, जिससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की तत्काल व्यवस्था कराने के साथ ही क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर कौन थे और चोरी किया गया सामान कहां गया। वहीं, जलभराव की समस्या ने प्रशासन के सामने नागरिक सुविधाओं के साथ-साथ सुरक्षा का भी गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है।







