बारिश बनी आफत: कच्चा मकान ढहा, मां समेत तीन मासूम मलबे में दबीं

 

ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर चारों को निकाला बाहर, दो बच्चियों समेत महिला की हालत गंभीर

 

कल्याणपुर/फतेहपुर। मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के बीच कल्याणपुर थाना क्षेत्र के साईं गांव में बड़ा हादसा हो गया। बारिश से कमजोर हुआ एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियां मलबे में दब गईं। मकान गिरते ही गांव में चीख-पुकार मच गई।

 

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और बिना देर किए राहत-बचाव शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज पहुंचाया गया।

 

बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे रतिराम प्रजापति का कच्चा मकान बारिश के कारण अचानक धराशायी हो गया। उस समय उनकी बहू अनीता देवी (40) पत्नी शक्तिमान प्रजापति अपनी तीन बेटियों के साथ घर के अंदर थीं।

 

हादसे में अनीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं मासूम वैशाली (करीब डेढ़ वर्ष) के हाथ की चार उंगलियां गंभीर रूप से घायल होने के साथ पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। दूसरी बच्ची जानवी (करीब तीन वर्ष) के पैर में भी फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।

 

राहत कार्य के दौरान मलबा हटाते समय फावड़ा लगने से वैशाली की उंगलियों में चोट लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि घायलों की स्थिति और चोटों की गंभीरता का चिकित्सकीय आकलन अस्पताल में किया जा रहा है।

 

सीएचसी गोपालगंज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया। सभी का उपचार जारी है।

 

जर्जर मकानों की सुरक्षा पर उठे सवाल

 

लगातार बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र में कमजोर और जर्जर मकानों का सर्वे कराने की मांग की है।

 

हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बरसात से पहले संवेदनशील मकानों की पहचान और उनमें रह रहे परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से कितनी तैयारी की जाती है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की राहत और सहायता कार्रवाई पर है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment