जेई से जांच कराने का आश्वासन, मानक विपरीत मिलने पर कार्रवाई की बात
धाता/फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के वार्ड नंबर नौ में पुरानी पोस्ट ऑफिस के समीप बन रही सीसी रोड को लेकर बुधवार को विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।
मामले की जानकारी होने पर नामित सभासद देवेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी शिकायत सुनी और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई।
नगरवासियों का आरोप है कि सरकारी धन से कराए जा रहे निर्माण कार्य में यदि गुणवत्ता से समझौता होता है तो सड़क की मजबूती और उसकी उम्र प्रभावित हो सकती है। लोगों ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
इसी बीच निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार से भी लोगों ने सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए। मामले की जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज तक पहुंचने के बाद उन्होंने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जेई से मौके पर निर्माण कार्य का निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष ने कहा कि जांच के दौरान यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस के संबंध में भी नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
अब पूरे मामले की निगाह जेई के स्थलीय निरीक्षण और तकनीकी जांच पर टिकी है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्माण कार्य में वास्तव में मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। नगरवासियों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराकर गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है।







