मानूपुर मोड़ के पास हुआ हादसा, एक दर्जन से अधिक बच्चों के घायल होने की सूचना; पुलिस ने शुरू की जांच
खखरेरू/फतेहपुर। नगर पंचायत खखरेरू क्षेत्र के कनपुरवा गांव स्थित मातादीन एक्सेल एकेडमी की स्कूली बस UP77 T 8221 बुधवार दोपहर करीब दो बजे हादसे का शिकार हो गई। स्कूल से बच्चों को घर छोड़ने जा रही बस मानूपुर मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरी और पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों के रोने की आवाज सुनकर तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए हैं। दौलतपुर निवासी श्रेयांश और अयांश समेत कई बच्चों के सिर और चेहरे पर चोटें आने की बात सामने आई है। घायल बच्चों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस किस वजह से अनियंत्रित हुई और दुर्घटना के समय वाहन की स्थिति क्या थी।
हादसे के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने स्कूली वाहनों की फिटनेस, चालक की दक्षता और सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
रिपोर्ट: सत्येंद्र कुमार, खास रिपोर्ट — धाता







