SBI संजीवनी परियोजना के तहत आयोजित हुआ प्रशिक्षण शिविर, मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर दिया जोर
खखरेरू, फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के लिए विकासखंड धाता के उकाथू गांव में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। SBI फाउंडेशन और चाइल्ड सर्वाइवल इंडिया की संयुक्त पहल SBI संजीवनी – क्लिनिक ऑन व्हील्स परियोजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर किशोरियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान परियोजना की स्टाफ नर्स ने बालिकाओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखने, सैनिटरी पैड का उचित इस्तेमाल करने, उपयोग के बाद उसका सुरक्षित निस्तारण करने और संक्रमण से बचाव के तरीके बताए। साथ ही बताया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं करना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने तथा जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्यकर्मियों से सलाह लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत 50 किशोरियों को सखी किट प्रदान की गईं। इसका उद्देश्य बालिकाओं को आवश्यक स्वच्छता सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षित स्वास्थ्य आदतें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
आशा कार्यकर्ता सुशीला ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। इस मौके पर SBI फाउंडेशन के प्रबंधक मृत्युंजय पाण्डेय ने कहा कि किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति सही जानकारी देना और उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं और जानकारी की पहुंच बढ़ाकर बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने स्वास्थ्य की देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संवाददाता: सत्येंद्र कुमार






