7 दिसंबर तक चलेगा सामूहिक दवा सेवन अभियान, 11 ब्लॉकों और नगरीय क्षेत्र में घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
फतेहपुर। जनपद को फाइलेरिया यानी हाथीपांव जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सामूहिक दवा सेवन अभियान की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक विकास गुप्ता ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी दवा खाकर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। अभियान 7 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।
विधायक ने खुद दवा खाकर दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में विधायक विकास गुप्ता ने कहा कि फाइलेरिया गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर निर्धारित दवा का सेवन करके इससे बचाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से दवा को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या डर न पालने की अपील की। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करते हुए परिवार के सभी पात्र सदस्यों को दवा का सेवन अवश्य कराएं।
11 ब्लॉकों में स्वास्थ्य कर्मियों को सौंपी जिम्मेदारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि अभियान अमौली, असोथर, धाता, देवमई, हसवा, खजुहा, खागा, तेलियानी, भिटौरा, विजयीपुर और नगर क्षेत्र में चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर और निर्धारित बूथों पर पहुंचकर पात्र लोगों को अपनी निगरानी में दवा खिलाएंगी। इस बार प्रवासी नागरिकों, पहले दवा नहीं लेने वालों और दवा सेवन से इनकार करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
18 ई-रिक्शा से होगा जागरूकता अभियान
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पीसीआई इंडिया के सहयोग से 18 ई-रिक्शा लगाए गए हैं। इनके माध्यम से अमौली, विजयीपुर, खागा और तेलियानी क्षेत्रों में नौ दिनों तक तथा शहरी क्षेत्र में 14 दिनों तक माइकिंग कर लोगों को दवा सेवन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
दवा सेवन के बाद परेशानी पर स्वास्थ्य कर्मियों से करें संपर्क
सीएमओ ने बताया कि दवा खाने के बाद कुछ लोगों को चक्कर या उल्टी जैसी सामान्य प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें। आवश्यकता पड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गठित रैपिड रिस्पांस टीम सहायता उपलब्ध कराएगी। गंभीर परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी डॉ. इश्तियाक अहमद, जिला मलेरिया अधिकारी कीर्ति रंजन, जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित, जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार समेत डब्ल्यूएचओ, पीसीआई इंडिया और पाथ के प्रतिनिधि मौजूद रहे।






