चांदपुर पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का किया खुलासा, आभूषणों के साथ 7,670 रुपये नकद बरामद
फतेहपुर। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में चांदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त विकास धोबी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विकास धोबी पुत्र घसीटे निवासी अमौली है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चांदपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, पीली धातु की एक अंगूठी और 7,670 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि बरामदगी चोरी की दोनों घटनाओं से संबंधित है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया। दो चोरी की घटनाओं के खुलासे और इनामी आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की अहम कामयाबी माना जा रहा है।






