इलाज कराने पहुंची महिला से विवाद, बहुआ पीएचसी प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

 

 

महिला ने डॉक्टर पर गाली-गलौज, मारपीट और मोबाइल तोड़ने का लगाया आरोप; शिकायत के करीब डेढ़ महीने बाद ललौली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

 

फतेहपुर। बहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों में आ गया है। बेटी का उपचार कराने पहुंची महिला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में पीएचसी प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र गौतम के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में महिला ने डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

 

रामपुर गांव निवासी मीना कुशवाहा के मुताबिक, सात अक्टूबर को वह अपनी बेटी को लेकर बहुआ पीएचसी पहुंची थीं। इसी दौरान डॉक्टर शैलेन्द्र गौतम से उनका विवाद हो गया। महिला ने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना का वीडियो बनाने पर मोबाइल फोन छीनकर फेंक दिया, जिससे वह टूट गया। इसके अलावा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

 

पीड़िता ने मामले की शिकायत ललौली थाने में की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई में करीब डेढ़ महीने का समय लग गया। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

तबादले के बाद पांच दिन में बहुआ वापसी भी चर्चा में

 

पीएचसी प्रभारी की तैनाती को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। बताया जाता है कि बहुआ से स्थानांतरण के महज पांच दिन बाद ही तत्कालीन सीएमओ डॉ. यूबी सिंह के कार्यकाल में शैलेन्द्र गौतम को दोबारा बहुआ पीएचसी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई थी। अब उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और स्वास्थ्य विभाग इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करता है।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment