
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में अंबेडकरनगर के शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बना हुआ है। आलापुर क्षेत्र के रामनगर स्थित श्रीमती लीलावती आदर्श विद्या मंदिर के प्रबंधन विवाद को लेकर शिक्षक शनिवार को डिप्टी रजिस्ट्रार सोसाइटी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
शिक्षकों ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि साधारण सभा की सदस्यता सूची को पहले अद्यतन कर सार्वजनिक किया जाए, उसके बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, बिना पारदर्शी सदस्यता सूची के चुनाव कराना नियमों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत होगा।
प्रदर्शनकारियों ने 18 फरवरी को प्रस्तावित चुनाव कार्यक्रम को स्थगित करने की मांग भी की है। साथ ही मतदाता सूची में शामिल कथित अपात्र नामों को हटाने और निष्पक्ष व पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
धरने का नेतृत्व आर.एस. गौतम ने किया, जबकि संयुक्त मंत्री सुनील कुमार मिश्र ने कहा कि पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
फिलहाल विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस विवाद का समाधान किस तरह निकालता है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।








