ब्यूरो रिपोर्ट राहुल द्विवेदी
कानपुर। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बर्रा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर में दहशत फैलाने वाले कुख्यात ‘रवाडा गैंग’ के 8 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर मारपीट और गुंडागर्दी के गंभीर आरोप हैं।
कैफे से शुरू हुआ था विवाद
मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी (साउथ) ने बताया कि बीते 3 फरवरी को रतनलाल नगर स्थित ‘ब्लू कैफे’ में आरोपी आजाद और युवराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर कुछ लड़कों पर हमला किया था। इसके बाद इन बदमाशों ने शास्त्री चौक के पास भी पीड़ितों के साथ मारपीट की। घटना के संबंध में अरविंदम मंडल द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक रविंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 8 अभियुक्तों को धर दबोचा।
चार शातिरों पर लगेगा गैंगस्टर एक्ट
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से चार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। इनके नाम ऋषि मिश्रा, प्रखर दत्ता, सुधांशु सविता उर्फ भोला और प्रखर वर्मा उर्फ सुनील वर्मा हैं। डीसीपी साउथ ने स्पष्ट किया कि इन चारों शातिर अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गैंग के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए सभी अभियुक्तों को विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार करने वाली टीम
इस महत्वपूर्ण सफलता में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र श्रीवास्तव के साथ उप निरीक्षक प्रमोद कुमार बैंसला, रूप किशोर, हरिभजन सिंह, अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह और महिला कांस्टेबल सुलेखा भारतीय की अहम भूमिका रही।








