कानपुर ब्यूरो चीफ : राहुल द्विवेदी
कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद उस समय गंभीर हो गया, जब एक युवक पर दूसरे पक्ष के व्यक्ति को कथित तौर पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा। घटना का वीडियो मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक ने कथित रूप से तमंचा निकालकर दूसरे पक्ष के व्यक्ति की कनपटी पर सटा दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो के आधार पर बर्रा थाना पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वास्तविक है या नहीं तथा घटना किन परिस्थितियों में हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी।








