फतेहपुर। अशोथर थाना क्षेत्र के पुर बुजुर्ग चौराहे के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छह लोग घायल हो गए। कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क किनारे नाले में जा गिरे, जबकि कार बिजली का पोल तोड़ते हुए नाला पार कर खेत में जा घुसी। कार के एयरबैग समय पर खुल जाने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही पीआरवी 5609 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि वेन्यू कार (यूपी 71 बीए 6579) अशोथर से विजयपुर की ओर जा रही थी। उसी समय ग्राम सातों धरमपुर से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (यूपी 71 बीएल 9036) मुख्य मार्ग पर चढ़ रही थी। पुर बुजुर्ग चौराहे के समीप दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए, जिससे यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में बाइक सवार कुलदीप पुत्र रमेश पासवान (35), छोटू पुत्र मुन्ना (25) तथा ननका पुत्र मुन्ना (22), निवासी ग्राम सातों धरमपुर, घायल हो गए। वहीं कार में सवार रोहित पुत्र सुरेश कुमार (25), बिट्टन देवी (50) तथा अनूपा देवी (45), निवासी रामनगर, थाना खागा, भी चोटिल हुए।
थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








