धाता (फतेहपुर)। नगर पंचायत धाता क्षेत्र के कबरहा नहर के पास सोमवार को एक विशाल अजगर निकल आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर को देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पास के गांव के कई युवाओं ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को घटना की सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कार्रवाई की। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और ग्रामीण युवाओं के साहस की सराहना करते नजर आए। समय रहते अजगर को पकड़ लिए जाने से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
रिपोर्ट: कुलदीप कुमार, धाता (फतेहपुर)








