मनगढ़ जा रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप हादसे का शिकार, पेड़ से टकराई; करीब 30 घायल

 

बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के आलियाबाद गांव के पास रविवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार में जा रहा वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप में सवार श्रद्धालु बिंदकी क्षेत्र के कोरवा गांव से प्रतापगढ़ जनपद स्थित मनगढ़ धाम जा रहे थे। हादसे में करीब 30 लोगों के घायल होने की सूचना है। गंभीर रूप से घायल लोगों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पिकअप रामबली रैदास की बताई जा रही है। घायलों में प्रीती पुत्री कल्लू का नाम भी सामने आया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक घायलों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है।

हादसे की सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि दुर्घटना से जुड़ी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment