फतेहपुर। मलवां विकासखंड के औंग कस्बे में गुरुवार को आर्य समाज महासम्मेलन एवं संयुक्त समारोह का आयोजन किया गया। आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में समाज सुधार, नशामुक्ति, राष्ट्र निर्माण और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज को मांसाहार और नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया। साथ ही खेती के साथ लघु उद्योगों को बढ़ावा देने, गोपालन, वर्मी कंपोस्ट एवं जैविक कीटनाशक निर्माण को अपनाने तथा विद्यार्थियों को मोबाइल की लत से बचाने पर जोर दिया गया।
मुख्य आयोजक श्रीचंद आर्य ने कहा कि समाज में वही व्यक्ति सम्मान और नेतृत्व का अधिकारी होता है, जिसके जीवन में सत्य, पुरुषार्थ, तपस्या और लोकसेवा जैसे गुण हों। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में किया गया प्रत्येक श्रेष्ठ कार्य यज्ञ के समान है और समाज को ऐसे लोगों को आगे बढ़ाना चाहिए, जो सेवा और सदाचार को अपना जीवन उद्देश्य बनाते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए उन्हें नशे, सामाजिक बुराइयों और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सेवा के मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया।
महासम्मेलन में वरिष्ठ उपप्रधान पंकज आर्य, नरेंद्र देव, स्वामी अग्निवेश, स्वामी चैतन्य देव, रामखेलावन सत्यार्थी, श्रीचंद आर्य, आनंद पटेल (प्रबंधक, आदर्श जनता इंटर कॉलेज औंग), राजेश आर्य, जनहित संकल्प पार्टी के बिंदकी प्रभारी भामाशाह वीरेंद्र सिंह, मुकेश पटेल, उदय पटेल, विमलेश पटेल, प्रमोद पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।








