फतेहपुर। पुलिस लाइन चिकित्सालय में रविवार को विमलक्ष्मी सामाजिक परिवर्तन ट्रस्ट और मुस्कान डेंटल क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने फीता काटकर किया।
शिविर में 164 लोगों के दांतों की जांच कर आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। डॉ. विमल सेंगर ने मरीजों का परीक्षण कर दंत स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी जानकारी दी।
इस दौरान ट्रस्ट के निदेशक एवं मुख्य ट्रस्टी सुशील कुमार शुक्ल की बेटी गार्गी का जन्मदिन भी मनाया गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने केक काटकर गार्गी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सुशील कुमार शुक्ल, अमरजीत सिंह, रामबरन समेत ट्रस्ट के सदस्य मौजूद रहे। शिविर में पहुंचे लोगों ने निःशुल्क चिकित्सा सेवा की सराहना की।








