धाता में बुखार को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, चार गांवों में लगे विशेष स्वास्थ्य शिविर

 

फतेहपुर। धाता क्षेत्र में बुखार के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांवों में निगरानी और जांच का अभियान तेज कर दिया है। अहमदपुर कुसुंभा, नगरूवा, बेलाई और जाम गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की गई। वायरल फीवर के साथ डेंगू और मलेरिया की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य टीमों ने मरीजों की स्क्रीनिंग की।

 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धाता के अधीक्षक राजेंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित शिविरों में कुल 180 मरीजों की जांच की गई। अहमदपुर कुसुंभा में 51 मरीजों की जांच हुई। इनमें बुखार के 16, मलेरिया के 12 और डेंगू के तीन संदिग्ध मरीजों की जांच कराई गई। सभी जांच रिपोर्ट निगेटिव मिलीं।

 

इसी तरह नगरूवा गांव में 79 मरीजों की जांच की गई। यहां बुखार के 26, मलेरिया के 22 और डेंगू के छह मरीजों की जांच हुई, जिनकी रिपोर्ट भी निगेटिव पाई गई।

 

बेलाई गांव में 26 तथा जाम गांव में 24 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों गांवों में भी जांच के दौरान सभी रिपोर्ट निगेटिव मिलीं। शिविरों में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

 

अहमदपुर कुसुंभा में अधीक्षक राजेंद्र कुमार के साथ एलटी जितेंद्र सिंह, एलटी सूर्य प्रकाश, फार्मासिस्ट अरुण कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। वहीं नगरूवा में डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. राजेंद्र सिंह, एलटी उमेश, फार्मासिस्ट दीपक समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की जांच की।

 

अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र में बुखार के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार विशेष शिविर आयोजित कर जांच और उपचार की व्यवस्था जारी रखी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment