धाता/फतेहपुर। मंगलवार को धाता कस्बे में विद्युत विभाग और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी किशनपुर एवं अवर अभियंता के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों में घरों और प्रतिष्ठानों के विद्युत कनेक्शनों की जांच की। टीम ने मीटरों की स्थिति, विद्युत कनेक्शन तथा बिजली के उपयोग से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा।
चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने विद्युत चोरी एवं कनेक्शन में संभावित अनियमितताओं पर विशेष नजर रखी। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि बिजली का उपयोग निर्धारित नियमों और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
विजिलेंस टीम के अचानक कस्बे में पहुंचने और अलग-अलग स्थानों पर जांच किए जाने से पूरे दिन विद्युत उपभोक्ताओं में खलबली की स्थिति बनी रही। कई लोग अपने विद्युत कनेक्शन और मीटर से संबंधित दस्तावेजों को लेकर सतर्क नजर आए। विभागीय अधिकारियों ने अभियान को विद्युत व्यवस्था में पारदर्शिता और चोरी पर अंकुश लगाने की कार्रवाई बताया।
विभाग की ओर से चेकिंग अभियान के दौरान सामने आई अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। अभियान के चलते कस्बे में विद्युत चोरी करने वालों में भी चिंता का माहौल देखने को मिला।
कुलदीप कुमार, धाता ✍️








