धाता/फतेहपुर। गोवंशों के संरक्षण और गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को धाता स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में गोवंशों के लिए चारे, पेयजल, साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से गोवंशों को उपलब्ध कराए जा रहे चारे और पानी की व्यवस्था की जानकारी ली तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
डीएम ने बीमार गोवंशों की पहचान कर तत्काल उपचार कराने और पशु चिकित्सकों द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही गौशाला परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा गोवंशों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने व्यवस्थाओं में मिली कमियों को तत्काल दूर कर चारा, पानी, स्वच्छता और उपचार की व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








