रिपोर्ट : राहुल द्विवेदी, ब्यूरो चीफ, कानपुर
कानपुर। रेलबाजार थाना पुलिस ने झपटमारी के मामलों में कार्रवाई करते हुए लूटे गए सामान की खरीद-फरोख्त करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,130 रुपये नकद बरामद किए हैं, जिन्हें झपटे गए गहनों और अन्य सामान की बिक्री से प्राप्त धनराशि का हिस्सा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 31 मई को सीओडी पुल के पास ई-रिक्शा से जा रही एक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने पर्स और मंगलसूत्र झपट लिया था। पीड़िता की शिकायत पर रेलबाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में झपटमारी करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि छीना गया सामान बर्रा निवासी सचिन शर्मा को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बंदरिया बाग पुल के पास हनुमान मंदिर के निकट घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2,130 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि यह रकम झपटे गए सामान की बिक्री से मिली धनराशि का हिस्सा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
रेलबाजार थाना पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों और चोरी-लूट के सामान की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।








