फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में मंगलवार को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल पुलिस प्रशासन के अनुरोध पर अपने आवास पर ही रहीं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर उनसे बाहर न निकलने का आग्रह किया था।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बहुआ चौकी प्रभारी अरुण कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ हेमलता पटेल के आवास पहुंचे। इस दौरान हेमलता पटेल ने बताया कि वह क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात करने कलेक्ट्रेट जाने वाली थीं। हालांकि, उन्होंने पुलिस प्रशासन के आग्रह का सम्मान करते हुए अपने आवास पर ही रहने का निर्णय लिया।
हेमलता पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी आस्था के अनुरूप धार्मिक स्थलों पर जाने और जनहित के मुद्दे उठाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा कानून और पुलिस प्रशासन का सम्मान किया है और इसी कारण प्रशासन के अनुरोध का पालन किया। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
घटनाक्रम के दौरान हेमलता पटेल के आवास के बाहर एहतियातन पुलिस बल तैनात रहा। मामले को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।








