पीएचसी असोथर में जांच के दौरान अधिकांश आरोपों की नहीं हुई पुष्टि, ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर जताया संतोष

 

असोथर (फतेहपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) असोथर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर की गई शिकायतों की जांच मंगलवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. शाहबुद्दीन के नेतृत्व में गठित टीम ने की। जांच के दौरान अस्पताल के अभिलेखों, दवा वितरण व्यवस्था और मरीजों से प्राप्त जानकारी के आधार पर अधिकांश आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी।

 

जांच टीम सुबह करीब 10 बजे पीएचसी पहुंची और दवा स्टॉक, ओपीडी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके अलावा अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया गया।

 

जांच के दौरान असोथर नगर पंचायत एवं आसपास के गांवों से पहुंचे कई ग्रामीणों ने संविदा फार्मासिस्ट के समर्थन में अपना पक्ष रखा। उनका कहना था कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं नियमित रूप से उपलब्ध रहती हैं और मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की जरूरत नहीं पड़ती। ग्रामीणों ने पीएचसी में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

 

उल्लेखनीय है कि 24 जून को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदयभान सिंह ने पीएचसी असोथर का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों के आधार पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी का स्थानांतरण सहित अन्य प्रशासनिक निर्देश जारी किए गए थे।

 

इसी क्रम में डिप्टी सीएमओ की टीम ने मामले की विस्तृत जांच की। डिप्टी सीएमओ डॉ. शाहबुद्दीन ने बताया कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा।

 

फिलहाल जांच रिपोर्ट सक्षम अधिकारियों को सौंपी जानी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment