फतेहपुर। खजुहा विकासखंड की बेनू ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की भूमि पर प्रस्तावित उत्सव भवन का निर्माण कार्य अवैध कब्जे के विवाद के चलते रुक गया है। ग्राम प्रधान रेनू देवी का आरोप है कि कुछ लोगों ने निर्माण कार्य जबरन बंद करा दिया, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहा है और मौके पर पड़ी निर्माण सामग्री भी खराब होने लगी है।
प्रधान रेनू देवी ने बताया कि गांव के विकास कार्यों में लगातार बाधा डाली जा रही है तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान पहले भी उनके समर्थन में सामने आए थे।
बुधवार को गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष हेमलता पटेल, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां तथा अन्य प्रतिनिधियों के साथ ग्राम प्रधान रेनू देवी कलेक्ट्रेट पहुंचीं। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स को ज्ञापन सौंपकर ग्राम समाज की भूमि से कथित अवैध कब्जा हटवाने, निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया जाएगा और विकास कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
वहीं, हेमलता पटेल ने कहा कि यदि महिला ग्राम प्रधान को शीघ्र न्याय नहीं मिला और उत्सव भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो संगठन ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होगा।








