अखिलेश यादव का जन्मदिन फतेहपुर में उत्साह के साथ मनाया गया, केक काटा, फल-शरबत वितरित, हेमलता पटेल की पोस्ट से सियासी चर्चाएं तेज

 

फतेहपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को जिलेभर में उत्साह, जनसेवा और विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया, मरीजों और आमजन के बीच फल व शरबत वितरित किए। वहीं, गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हेमलता पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया।

हेमलता पटेल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अखिलेश यादव के साथ पूर्व में हुई मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की। पोस्ट सामने आने के बाद जिले में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विभिन्न तरह की राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, उनकी संभावित प्रत्याशिता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

असोथर नगर पंचायत में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाया और लोगों के बीच शरबत वितरित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सोनू वर्मा, पूर्व प्रधान रमेश चंद्र पासवान तथा नगर अध्यक्ष फूलचंद्र वर्मा ने किया। इस दौरान समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बाद में प्रेममऊ कटरा मोहल्ले में श्याम सिंह यादव और कल्लू यादव के नेतृत्व में भी जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया।

वहीं खागा विधानसभा क्षेत्र में अखिलेश यादव का जन्मदिन ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरदो में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भर्ती मरीजों को आम, केला, सेब सहित विभिन्न फल वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन नरेश कोरी की अध्यक्षता में रत्नेश रत्ना, शिव सिंह यादव और चौधरी राजेश यादव के नेतृत्व में हुआ। कार्यकर्ताओं ने मरीजों का हालचाल भी जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यक्रमों के दौरान नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची राजनीति है। सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment