फतेहपुर में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता, 135 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 

 

फतेहपुर। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के तत्वावधान में अलंकार गार्डेन, आईटीआई रोड में जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 135 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।

 

प्रतियोगिता में सेंट जेवियर्स स्कूल, मदर सुहाग इंटर कॉलेज, बचपन प्ले स्कूल, डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल सहित कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए जोरदार प्रयास किया।

 

विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य अंजू प्रजापति ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और आत्मशक्ति व्यक्ति को हमेशा जीत की ओर ले जाती है।

 

विशिष्ट अतिथि प्रभारी महिला थाना संगीता सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि फतेहपुर की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने में खिलाड़ियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशेष अतिथि चेयरमैन जीपी मिश्रा ने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी पहचान इतनी बुलंद करनी चाहिए कि पूरे देश को उन पर गर्व हो।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने की। उन्होंने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए प्रतीक चिन्ह देकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह पैदा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

किशन मेहरोत्रा ने अलंकार गार्डेन के प्रबंधक मानिक गुप्ता के सहयोग के लिए भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा बाजपेई, बड़ी संख्या में अभिभावक, ताइक्वांडो एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव राजकुमार, उप सचिव भारत वर्मा, रिचा राजपूत, शिव कुमार, उत्कर्ष पटेल, तनुज बाजपेई, मनीषा राजपूत सहित ताइक्वांडो प्रतिनिधि मौजूद रहे।

India Varta News
Author: India Varta News

Mohit Chakraborty is the Founder and Editor-in-Chief of India Varta News. He is actively involved in journalism and social service from Fatehpur, Uttar Pradesh. His mission is to deliver unbiased, factual, and public-interest journalism while highlighting local, regional, and national issues. He believes that media is a powerful tool for positive social change.

Leave a Comment